दुर्ग। छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के माध्यम से निर्मित पुलिस के नवनिर्मित आवासों एवं भवनों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिले को पुलिस अधोसंरचना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सौगात मिली।
कार्यक्रम के अंतर्गत निम्नलिखित भवनों का लोकार्पण किया गया-
▪️ नई पुलिस लाइन, दुर्ग में 36 अराजपत्रित अधिकारियों एवं 48 प्रधान आरक्षक/आरक्षकों के नवनिर्मित आवास
▪️ दुर्ग स्थित अत्याधुनिक ट्रांजिट हॉस्टल
▪️ नवनिर्मित थाना भवन पद्मनाभपुर
▪️ नवनिर्मित थाना भवन पुलगांव
▪️ नवनिर्मित पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय, धमधा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के माननीय शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल एवं उनके परिवारों की सुविधाओं को लेकर गंभीर है। उन्होंने पुलिस परिवारों की मांग पर सर्व-सुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण, हाईमास्ट लाइट की स्थापना एवं पुलिस आवासों के मरम्मत कार्य कराए जाने का आश्वासन दिया।
जिला दण्डाधिकारी दुर्ग अभिजीत सिंह ने कहा कि जब आम नागरिक रात्रि में विश्राम करता है, तब पुलिस बल समाज की सुरक्षा के लिए निरंतर ड्यूटी पर तैनात रहता है। नवनिर्मित आवासों से पुलिस कर्मियों के जीवनस्तर में सुधार होगा और उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एसडीओ नवीन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, वार्ड पार्षद लोकेश्वरी ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।