चिरमिरी-खड़गवां दौरे पर कलेक्टर सन्तन देवी जांगड़े; विकास कार्यों और जल संरक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा…

मंगल भवन से लेकर ग्राम पंचायतों तक पहुंचीं कलेक्टर, अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और जनहित सर्वोपरि रखने के निर्देश

चिरमिरी। कलेक्टर सन्तन देवी जांगड़े ने चिरमिरी एवं खड़गवां क्षेत्र का व्यापक दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों, जनसुविधाओं और जल संरक्षण व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत चिरमिरी स्थित मंगल भवन के निरीक्षण से हुई। यहां कलेक्टर ने सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान साउंड सिस्टम की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उसे शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि आगामी कार्यक्रमों में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इसके बाद उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम का निरीक्षण किया। स्टेडियम परिसर और हेलीपैड क्षेत्र का जायजा लेते हुए आवश्यक बांस-बल्ली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रस्तावित राम कथा आयोजन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा।

कलेक्टर ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पोड़ीडीह के ऑडिटोरियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर की खाली भूमि का उपयोग जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन के लिए करने पर जोर दिया। तालाब निर्माण, जल रिचार्ज संरचनाएं और वर्षा जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि जल संरक्षण भविष्य की आवश्यकताओं और सतत विकास का महत्वपूर्ण आधार है।

इसके पश्चात कलेक्टर ग्राम पंचायत बोड़ेमुड़ा, पेंड्री और बरदर पहुंचीं, जहां उन्होंने महतारी सदनों का निरीक्षण कर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संरक्षण को अभियान के रूप में संचालित किया जाए तथा कुएं, डबरी, तालाब और अन्य जल संरचनाओं के निर्माण को प्राथमिकता दी जाए, ताकि जल संकट का स्थायी समाधान हो सके।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता और दीर्घकालिक जनहित सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को विकास कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, अपर कलेक्टर अनिल सिदार, एसडीएम लिंगराज सिदार, सीएसपी दीपिका मिंज, नगर निगम आयुक्त राम प्रसाद आंचला सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *