दुर्ग। दुर्ग के थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत भारती कॉलेज के पास बुधवार देर रात दो हाईवा वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक केबिन में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायल चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।पुलिस के अनुसार, 13 मई 2026 की रात करीब 12 बजे हादसे की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचने पर ट्रक क्रमांक CG 07 BG 6486 और CG 06 HF 6625 आपस में टकराए हुए मिले। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों चालक वाहनों के केबिन में गंभीर रूप से फंस गए थे।पुलिस टीम ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। समय पर रेस्क्यू होने से दोनों घायलों को तत्काल इलाज मिल सका।
घायल चालक
- विजय कुमार यादव (23 वर्ष), निवासी गोटाटोला बांधाबाजार, मोहला मानपुर
- वीरेंद्र (34 वर्ष), निवासी झारखंड
रेस्क्यू अभियान में थाना प्रभारी पुलगांव , प्रधान आरक्षक मानसिंह गायकवाड़, आरक्षक हेमेंद्र कुर्रे, मनोज यादव और शुभ चरण यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई से दोनों चालकों की जान बचाने में सफलता मिली।