सारंगढ़-बिलाईगढ़ के फर्सवानी गांव में चला जन जागरूकता अभियान, पेंशन प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण भी वितरितरायपुर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम पंचायत फर्सवानी में आयोजित सुशासन शिविर में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता का अनूठा संदेश देखने को मिला। शिविर में लगभग 850 ग्रामीणों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ नशामुक्ति की शपथ लेकर समाज को नशे से मुक्त बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की खुशहाली को भी प्रभावित करता है। इस अवसर पर नशामुक्ति से जुड़े प्रेरक साहित्य का वितरण कर लोगों को जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया गया।शिविर में जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर गांवों में नशामुक्त वातावरण बनाने और युवाओं को नशे से दूर रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।समाज कल्याण विभाग की ओर से शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। विभाग द्वारा 19 ग्रामीणों को पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे पात्र हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सके। वहीं 2 वरिष्ठ नागरिकों को जीवन सहायक उपकरण के रूप में वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके।सुशासन शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और पात्र लोगों को त्वरित लाभ दिलाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें, ताकि आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।