बिलासपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन: महंगे सिलेंडर के ख़िलाफ़ नेहरू नगर चौक पर हल्ला बोल..

19 किलो गैस सिलेंडर 913 रुपए महंगा होने पर जताया विरोध, कहा-आम आदमी और छोटे कारोबारियों पर बढ़ा बोझ

बिलासपुर। बढ़ती महंगाई और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी को लेकर बिलासपुर में जिला कांग्रेस ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शाम के समय कांग्रेस भवन से नेहरू नगर चौक तक पदयात्रा करते हुए पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सिलेंडर रखकर विरोध जताया और बढ़ती कीमतों के खिलाफ आवाज उठाई। जिला अध्यक्ष सिधांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 913 रुपए की बढ़ोतरी की गई है, जिसका असर घर-घर के साथ-साथ होटल और किचन तक पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा बोझ आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है।

ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि इस बढ़ोतरी से सबसे ज्यादा प्रभावित छोटे ढाबा संचालक और स्ट्रीट ठेला लगाने वाले लोग हो रहे हैं, जिनका खर्च अचानक बढ़ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कीमतें कम नहीं कीं तो कांग्रेस का आंदोलन और तेज किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए सरकार तुरंत ठोस कदम उठाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *