पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचा आरोपी, बेटी से मिलने को लेकर बहस हुई-गुस्से में की फायरिंग, खुद ही पुलिस के सामने किया सरेंडर
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक बाउंसर ने अपनी दो सालियों की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा इलाके की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
जानकारी के मुताबिक आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को झगड़े के बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। इसके बाद आरोपी रात में लाइसेंसी पिस्तौल लेकर ससुराल पहुंचा और अपनी बेटी से मिलने की जिद करने लगा।
घर पर मौजूद उसकी सालियां—गीतांजलि (26) और दुर्गेश्वरी (24)-ने उसे समझाने की कोशिश की और अंदर आने से रोका। इसी बात से गुस्साए आरोपी ने दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि खुद पंडरी थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने हथियार जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और गुस्से में उठाए गए कदम का बताया जा रहा है।