सुपेला थाना क्षेत्र की घटना, पीड़िता शीतल पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर हत्या की कोशिश; तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी लक्की सरदार की तलाश जारी
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पहली पत्नी की हत्या की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर चौकी इलाके में दूसरी पत्नी ने अपने पति, बहन और जीजा के साथ मिलकर पहली पत्नी शीतल को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। हालांकि शीतल किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकली। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी और पीड़िता का पति लक्की सरदार अब भी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, पुरानी पारिवारिक रंजिश और पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर चल रहे विवाद के बीच यह साजिश रची गई। आरोप है कि दूसरी पत्नी पूरी खान (23) ने अपने पति लक्की सरदार, बहन मुस्कान (24) और जीजा राहुल यादव (35) के साथ मिलकर 2 जुलाई की रात करीब 8 बजे शीतल के घर पहुंचकर पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उस पर और घर में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की गई।
हमले के दौरान शीतल ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी खान, मुस्कान और राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वारदात का मुख्य आरोपी लक्की सरदार फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।