650 वर्गफीट रजिस्ट्री भूमि से अधिक क्षेत्र में किया गया था निर्माण; कई नोटिसों के बावजूद नहीं हटाया अतिक्रमण…

शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण ध्वस्त, निगम की बड़ी कार्रवाई

भिलाईनगर: नगर पालिक निगम भिलाई ने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र में एक अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर राजस्व विभाग, बेदखली विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने की।

निगम प्रशासन के अनुसार दीपेश कुमार नथवानी ने अपने 650 वर्गफीट के रजिस्ट्री क्षेत्रफल के अतिरिक्त शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कर लिया था। मामले में प्रस्तुत अभ्यावेदन को जिला नियमितीकरण समिति और आयुक्त राजस्व संभाग स्तर पर पहले ही निरस्त किया जा चुका था।

जोन-2 वैशाली नगर के राजस्व विभाग द्वारा संबंधित निर्माणकर्ता को कई बार नोटिस जारी कर अतिरिक्त शासकीय भूमि पर किए गए निर्माण को स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही समय-समय पर निगम को इसकी जानकारी देने के लिए भी कहा गया, लेकिन निर्माणकर्ता ने निर्देशों का पालन नहीं किया।

नोटिस और चेतावनी के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर मंगलवार को निगम की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *