यातायात व्यवस्था सुधारने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निगम की कार्रवाई; पकड़े गए पशुओं को कोसा नाला गौठान भेजा जा रहा…

आवारा पशुओं के खिलाफ निगम का अभियान तेज, रोजाना सड़कों से पकड़े जा रहे मवेशी

भिलाईनगर: शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। निगम के रोका-छेका विभाग की टीम प्रतिदिन प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में पहुंचकर सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई कर रही है।

निगम अधिकारियों के अनुसार अभियान के तहत अब तक बड़ी संख्या में मवेशियों को सड़कों से हटाकर कोसानाला गौठान पहुंचाया गया है। वहां पशुओं के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, छाया और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही उनकी नियमित निगरानी भी की जा रही है।

निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि आवारा पशुओं के कारण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और यातायात बाधित हो रहा है। इसके बाद रोका-छेका विभाग की टीम को अभियान और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। टीम सुबह से शाम तक विभिन्न क्षेत्रों में गश्त कर आवारा पशुओं की पहचान कर उन्हें पकड़ने का कार्य कर रही है।

निगम ने पशुपालकों से अपने मवेशियों को खुले में नहीं छोड़ने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि खुले में छोड़े गए पशु आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनने के साथ स्वयं भी दुर्घटनाओं के शिकार हो सकते हैं।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई पशुपालक अपने मवेशियों को सड़कों पर खुला छोड़ता पाया गया तो उसके खिलाफ नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है। निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है।

अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा और सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को गौठानों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि नागरिकों को सुरक्षित यातायात और बेहतर शहरी व्यवस्था का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *