पावर हाउस चौक में निगम की कार्रवाई; सड़क घेरने वाले ठेले-खुमचे हटाए; यातायात हुआ सुगम…

भिलाई नगर। शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई ने पावर हाउस चौक क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की बेदखली टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, खुमचे और अस्थायी कब्जों को हटाकर बाधित मार्ग को व्यवस्थित किया।

कार्रवाई के दौरान मुख्य सड़क और चौक-चौराहों पर यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाया गया, जिससे आवागमन सुचारू हो सका। निगम अधिकारियों ने ठेला संचालकों और दुकानदारों को समझाइश देते हुए सड़क और फुटपाथ पर कब्जा नहीं करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि अवैध ठेले और गुमटियां लगाने से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

निगम टीम ने पावर हाउस चौक के कई हिस्सों में कार्रवाई करते हुए मार्ग को साफ कराया। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *