खाद संकट पर एक्शन में विधायक देवेंद्र यादव, मंत्रियों से की तत्काल व्यवस्था की मांग…

खरीफ सीजन से पहले खाद को लेकर हाहाकार, देवेंद्र यादव ने सरकार को लिखा पत्र

भिलाई। खरीफ सीजन शुरू होने से पहले प्रदेश में खाद की संभावित कमी को लेकर भिलाई नगर विधायक ने चिंता जताई है। उन्होंने कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री और खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता वितरण मंत्री को पत्र लिखकर किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।

विधायक देवेंद्र यादव ने पत्र में कहा है कि विभिन्न समाचार माध्यमों से जानकारी मिल रही है कि खरीफ सीजन शुरू होने से पहले ही प्रदेश के कई जिलों में खाद संकट की स्थिति बनने लगी है। खासकर डीएपी खाद की कमी को लेकर किसानों में चिंता बढ़ रही है, जबकि यूरिया का भंडारण भी जरूरत के मुकाबले काफी कम बताया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है और यहां की आधे से ज्यादा आबादी खेती-किसानी पर निर्भर है। ऐसे में यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई तो किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। विधायक ने सहकारी और निजी क्षेत्रों में खाद की उपलब्धता को फिलहाल संतोषजनक नहीं बताया।

पत्र में दुर्ग जिले की स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। जानकारी के अनुसार जिले में खाद वितरण का लक्ष्य 67,880 मीट्रिक टन निर्धारित है। अब तक 29,035 मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया गया है, जिसमें से 10,171 मीट्रिक टन किसानों को वितरित हो चुका है। वर्तमान में जिले में 18,864 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है, जबकि कुल आवश्यकता 38,845 मीट्रिक टन बताई गई है।

विधायक देवेंद्र यादव ने दोनों मंत्रियों से आग्रह किया है कि दुर्ग जिले सहित पूरे प्रदेश में खरीफ सीजन से पहले पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके और खेती प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *