धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में खेत के बीच तेंदुए का शावक मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शावक को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना का वीडियो भी सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक शावक खेत में अकेला घूमता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने जब उसे देखा तो तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को दूर कर सुरक्षित तरीके से तेंदुए के शावक का रेस्क्यू किया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार शावक भटककर जंगल से बाहर आ गया था। रेस्क्यू के बाद उसकी प्राथमिक जांच की गई, इसके बाद उसे नया रायपुर स्थित जंगल सफारी भेज दिया गया, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उसकी देखभाल की जाएगी।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखने पर खुद नजदीक न जाएं, तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि जानवर और लोग दोनों सुरक्षित रह सकें।