रायपुर की ‘चांद ब्रेड फैक्ट्री’ में गंदगी का खेल, 50 दुकानों तक होती थी सप्लाई: बिना मास्क-ग्लव्स, चारों तरफ गंदगी: मक्खियों के बीच बनती थी बेकरी आइटम…

भिनभिनाती मक्खियों के बीच बन रहा था ब्रेड, फैक्ट्री सील

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। चौरसिया कॉलोनी स्थित चांद ब्रेड फैक्ट्री में बेहद अस्वच्छ हालात में ब्रेड, टोस्ट, खारी, डोनट और क्रीम रोल बनाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम ने फैक्ट्री को तत्काल सील कर दिया।

जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में रोजाना बड़े पैमाने पर बेकरी आइटम तैयार किए जाते थे, जिनकी शहर की 50 से ज्यादा दुकानों में सप्लाई होती थी। गुरुवार (5 फरवरी) को नगर निगम की टीम जब जांच के लिए पहुंची, तो वहां ब्रेड और अन्य खाद्य सामग्री पर मक्खियां भिनभिनाती हुई मिलीं।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि-

फैक्ट्री में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहद खराब थी

खाद्य सुरक्षा गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा था

कई कर्मचारी बिना मास्क और ग्लव्स के काम कर रहे थे

पूरे परिसर में गंदगी फैली हुई थी।

नगर निगम को बेकरी में गंदगी को लेकर जन शिकायत मिली थी। इसके बाद जोन-6 स्वास्थ्य अधिकारी आदित्य हाजरी, स्वच्छता निरीक्षक महेंद्र कलीहारी, अजय शर्मा, अभिषेक जायसवाल और कार्य सहायक टोकश्वर ध्रुव की मौजूदगी में संयुक्त टीम ने अचानक निरीक्षण किया।

जांच में शिकायत सही पाए जाने पर नगर निगम जोन-6 की टीम ने फैक्ट्री को तत्काल सील कर दिया।

अधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन किया जा रहा था, जो आम लोगों की सेहत के लिए खतरनाक है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *