तीन साल से साथ रह रहे थे दोनों, बेरोजगारी और खर्च को लेकर होते थे झगड़े; कमरे से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
नोएडा। नोएडा में बंद कमरे से लिव-इन में रह रहे कपल की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (30) और युवती की पहचान ज्योति (24) के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब तीन साल से साथ रह रहे थे और खुद को पति-पत्नी बताकर किराए के मकान में रह रहे थे, जबकि परिवार को इसकी जानकारी नहीं थी।
जानकारी के अनुसार, ज्योति एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती थी, लेकिन पिछले 20 दिनों से काम पर नहीं जा रही थी। वहीं गुड्डू बेरोजगार था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पड़ोसियों के मुताबिक घर के खर्च को लेकर झगड़े बढ़ गए थे।
बताया जा रहा है कि दोनों को आखिरी बार 20 अप्रैल को देखा गया था। इसके बाद कमरे से कोई हलचल नहीं हुई। बुधवार शाम करीब 6 बजे कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर दोनों के शव मिले, जो करीब एक दिन पुराने बताए जा रहे हैं।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले युवक ने युवती का गला दबाकर हत्या की और फिर खुद फंदे पर लटक गया। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। कमरे से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के अनुसार कमरा अंदर से बंद था, जिससे किसी तीसरे व्यक्ति की एंट्री की संभावना फिलहाल नहीं मानी जा रही है। युवक करीब 8 महीने पहले यहां रहने आया था और तीन महीने बाद युवती भी उसके साथ रहने लगी थी। युवक पहले हैदराबाद में इलेक्ट्रीशियन का काम करता था।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।