दक्षिण चीन में भूकंप से तबाही; 5.2 तीव्रता के झटकों से 2 की मौत; 7 हज़ार से ज्यादा लोग घर छोड़ने को मजबूर…

13 इमारतें ढहीं, राहत-बचाव जारी: लियूझोउ शहर में आधी रात आए भूकंप से मची अफरा-तफरी, कई ट्रेनें रद्द; एक समय कई लोग मलबे में फंसे रहे

दक्षिण चीन के गुआंग्शी क्षेत्र में सोमवार तड़के आए 5.2 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। भूकंप के झटकों से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद 7 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

भूकंप का केंद्र लियूझोउ शहर के लिउनान जिले में बताया गया है। झटके इतने तेज थे कि इलाके की 13 इमारतें ढह गईं और कई घरों में दरारें आ गईं। आधी रात आए भूकंप से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और सड़कों पर रात बिताने को मजबूर हुए।

चीन की आपदा राहत एजेंसियों ने तुरंत बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सैकड़ों राहतकर्मियों और दमकल टीमों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक, एक बुजुर्ग व्यक्ति कुछ समय तक मलबे में फंसा रहा, जिसे बाद में सुरक्षित निकाल लिया गया।

भूकंप के बाद रेलवे और सड़क सेवाओं पर भी असर पड़ा है। कई ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया, जबकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन से रास्ते बाधित हो गए। हालांकि प्रशासन का कहना है कि बिजली, पानी और संचार सेवाएं ज्यादातर इलाकों में सामान्य बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *