सरकारी पाबंदी के बावजूद चोरी-छिपे पहुंच रहे सैटेलाइट डिवाइस, गिरफ्तारी और सख्त सजा का खतरा बरकरार
ईरान। ईरान में लंबे समय से जारी इंटरनेट प्रतिबंधों के बीच एक “गुप्त नेटवर्क” लोगों के लिए दुनिया से जुड़ने का जरिया बन रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश में चोरी-छिपे Starlink सैटेलाइट इंटरनेट डिवाइस पहुंचाए जा रहे हैं, जिससे लोग सरकारी बैन के बावजूद ऑनलाइन रह पा रहे हैं।
दरअसल, 2026 की शुरुआत में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों और युद्ध जैसी स्थिति के बाद ईरान सरकार ने इंटरनेट पर सख्त नियंत्रण लगा दिया था। इसके बाद देश में लगभग पूरी तरह इंटरनेट ब्लैकआउट की स्थिति बन गई, जहां आम लोगों की वैश्विक नेटवर्क तक पहुंच बेहद सीमित हो गई।
इसी बीच, कुछ गुप्त समूह स्टारलिंक उपकरणों को तस्करी के जरिए ईरान में पहुंचा रहे हैं। इन डिवाइसों के जरिए लोग सरकारी सेंसरशिप से बचकर बाहरी दुनिया से जुड़ पा रहे हैं। हालांकि यह काम बेहद जोखिम भरा है, क्योंकि ईरान में स्टारलिंक का इस्तेमाल पूरी तरह अवैध घोषित किया गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, स्टारलिंक डिवाइस रखने इस्तेमाल करने पर कड़ी सजा का प्रावधान है, जिसमें लंबी जेल तक शामिल हो सकती है। कई लोगों को इन उपकरणों के साथ पकड़े जाने पर गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इंटरनेट पर यह नियंत्रण सरकार द्वारा सूचना के प्रवाह को सीमित करने और विरोध प्रदर्शनों को दबाने की रणनीति का हिस्सा है। इसके बावजूद, तकनीक के जरिए लोग लगातार नए रास्ते खोज रहे हैं ताकि वे दुनियां से जुड़े रह सकें।
कुल मिलाकर ईरान में इंटरनेट की जंग अब तकनीक और नियंत्रण के बीच संघर्ष बन चुकी है। जहां एक तरफ सरकार सख्ती बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर लोग हर हाल में कनेक्ट रहने के लिए नए-नए रास्ते तलाश रहे हैं।