मोपका चौक में 5 युवकों ने किया हमला, आक्रोशित परिजनों ने सरकंडा थाना घेरा
बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार रात मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मोपका गुड़ी मोहल्ला निवासी अभिषेक यादव (22) की चापड़ से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सरकंडा थाना का घेराव किया।
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक यादव बीए सेकंड ईयर का छात्र था। रविवार रात करीब 10:30 बजे मोपका चौक में उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और करीब 5 युवकों ने ओमप्रकाश को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
छोटे भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। एक युवक ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक जमीन पर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और हत्या में शामिल मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।