क्रेडा की त्वरित कार्रवाई से भीषण गर्मी में ग्रामीणों को राहत, स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचा स्वच्छ पानी
रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री की पहल पर भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ओड़गी विकासखंड में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान के लिए त्वरित कदम उठाए गए हैं। क्रेडा विभाग द्वारा विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों और सार्वजनिक संस्थानों में नए सोलर पंप स्थापित किए जाने से भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
मंत्री राजवाड़े ने क्षेत्र में पेयजल संकट की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद क्रेडा विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पेंडारी-गोंडपारा, मोहरसोप-बनखेतापारा, नवाटोला-यादवपारा, कल्हुआ स्कूलपारा तथा बिहारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर पंप स्थापित किए।
सोलर पंप शुरू होने के बाद ग्रामीणों को अब स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो रहा है। खासकर बिहारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोलर पंप लगने से मरीजों और उनके परिजनों को भी बड़ी सुविधा मिली है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।