भिलाई। इलाके में दबंगई और मारपीट कर दहशत फैलाने वाले डॉ. दुश्यंत खोसला पर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। दुर्ग कलेक्टर ने पुलिस प्रतिवेदन के आधार पर डॉ. दुश्यंत खोसला को एक वर्ष के लिए जिलाबदर करने का आदेश जारी किया है।
पुलिस के अनुसार, डॉ. दुश्यंत खोसला नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के अहिवारा इलाके में एक क्लिनिक का संचालन कर रहा था। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह इलाज के बजाय अपनी दबंगई और आपराधिक गतिविधियों के लिए ज्यादा जाना जाता था।
स्थानीय निवासियों की शिकायतों के मुताबिक, डॉ. दुश्यंत खोसला लोगों को बेवजह डराता-धमकाता, मारपीट करता और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर इलाके में भय का माहौल बनाता था। उसकी गतिविधियों से आम लोग काफी समय से परेशान थे।
लगातार मिल रही शिकायतों और पुलिस जांच के बाद मामले की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर दुर्ग जिला प्रशासन ने उसे जिले की सीमा से बाहर रखने का आदेश जारी किया।
प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह किसी भी पेशे से जुड़ा हो, बख्शा नहीं जाएगा। जिलाबदर की कार्रवाई को अपराध और दबंगई पर रोक लगाने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है।