भिलाई। पुरानी रंजिश को लेकर भिलाई में एक युवक पर कटर से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना थाना मरोदा नेवई क्षेत्र की है, जहां दादू चाय दुकान के पीछे खड़े होकर बातचीत कर रहे युवकों पर अचानक हमला कर दिया गया। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, मरोदा नेवई निवासी ओंकार साहू (20 वर्ष) ने बताया कि वह अपने दोस्तों हिमांशु पांडेय और टिकेश्वर साहू के साथ चाय पीने दादू चाय दुकान गया था। तीनों दुकान के पीछे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, तभी वहां आरोपी हिमांशु साहू पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी हिमांशु साहू ने पुरानी रंजिश को लेकर पहले गाली-गलौज शुरू की। इसी दौरान उसने हिमांशु पांडेय से कहा- बहुत हीरो बन रहा है, इतना कहते ही आरोपी ने अचानक अपनी जेब से कटर निकाला और हिमांशु पांडेय की गर्दन पर सीधा वार कर दिया।
हमले से बचने के लिए हिमांशु पांडेय ने झुककर पलटने की कोशिश की, जिससे कटर गर्दन की बजाय उसकी पीठ में जा लगा। इस वार से उसकी पीठ पर गहरी चोट आई और खून बहने लगा।
घटना होते ही ओंकार साहू, टिकेश्वर साहू और आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। खुद को घिरता देख आरोपी हिमांशु साहू मौके से फरार हो गया। घटना के बाद चाय दुकान के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान स्पष्ट है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।