भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं में रिक्त भूखंडों का अंतरण 30 वर्षीय लीज पर किया जा रहा है। इसके लिए निविदा/प्रस्थापन ऑनलाइन पोर्टल https://eproc.cgstate.gov.in के माध्यम से आमंत्रित किए गए हैं।
इसी क्रम में रिकेश सेन (वैशाली नगर विधायक) की मांग एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रियदर्शिनी परिसर, संजय नगर तालाब के पास जी.ई. रोड सुपेला स्थित 14,950 वर्गमीटर भूखंड को निरस्त कर दिया गया है। शेष 99 भूखंडों को 30 वर्षीय लीज पर नीलाम किया जाएगा।
विधायक के अनुसार उक्त रिक्त स्थल का उपयोग मोहल्लावासियों के कार्यक्रम, खेलकूद एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा। क्षेत्र में एकमात्र मैदान होने के कारण इसका विक्रय उचित नहीं माना गया।
निगम द्वारा मोतीलाल नेहरू नगर पूर्व आवासीय योजना, दक्षिण गंगोत्री व्यवसायिक योजना, मदर टेरेसा नगर आवासीय योजना, प्रियदर्शिनी परिसर पश्चिम व्यवसायिक योजना तथा बसंत विहार आवासीय योजना के विभिन्न ब्लॉकों में स्थित भूखंडों को लीज पर शामिल किया गया है।
निगम प्रशासन के अनुसार इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।