संदिग्ध ने सुरक्षाकर्मियों पर चलाई गोली, जवाबी कार्रवाई में घायल; पास खड़ा बच्चा भी जख्मी
वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में में व्हाइट हाउस के पास फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर व्हाइट हाउस को कुछ समय के लिए पूरी तरह लॉकडाउन कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार के साथ इलाके में घूमता दिखा। जब यूनाइटेड स्टेटस् सीक्रेट सर्विस के जवानों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह भागने लगा और सुरक्षाकर्मियों पर गोली चला दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध घायल हो गया।
इस घटना में पास मौजूद एक नाबालिग भी गोली लगने से घायल हुआ, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फायरिंग की यह घटना वॉशिंगटन मॉन्यूमेंट के पास हुई, जो व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर स्थित है। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और मीडिया कर्मियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे, जबकि कुछ देर पहले उपराष्ट्रपति का काफिला भी इसी इलाके से गुजरा था। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि हमलावर का निशाना कौन था।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।