गोपालगंज में शिवभक्ति का सैलाब: दुनियां के सबसे बड़े शिवलिंग के दर्शन को उमड़ी भीड़…

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में शनिवार को दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बन गया। कुचायकोट प्रखंड के बलथरी चेक पोस्ट के पास विशेष ट्रक से शिवलिंग के पहुंचते ही शिवभक्तों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का स्वागत किया और तिलक लगाकर आरती व पूजा-अर्चना की।

यह विशाल शिवलिंग पूर्वी चंपारण के चकिया में बन रहे विराट रामायण मंदिर में स्थापित किया जाना है। जानकारी के अनुसार, शिवलिंग की गोपालगंज यात्रा पूरी होने के बाद यह करीब 48 से 50 घंटे में पूर्वी चंपारण पहुंचेगा।

खास बात यह है कि यह शिवलिंग एक ही ग्रेनाइट पत्थर से निर्मित है, जिसका निर्माण कार्य करीब 10 वर्षों तक चला। इसे प्रसिद्ध शिल्पकार लोकनाथ की टीम ने तराशा है। निर्माण कराने वाली संस्था के अनुसार, शिवलिंग के निर्माण में करीब 3 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
शिवलिंग की ऊंचाई 33 फीट है और इसका वजन लगभग 210 मीट्रिक टन बताया गया है।

पूर्वी चंपारण के चकिया में बन रहा विराट रामायण मंदिर अब अंतिम चरणों में है। मंदिर परिसर में प्रवेश द्वार, गणेश स्थल, सिंह द्वार, नंदी स्थल, शिवलिंग मंच और गर्भगृह की पाइलिंग का कार्य पूरा हो चुका है। मंदिर का कुल आकार 1080 फीट लंबा और 540 फीट चौड़ा होगा। इसमें 18 शिखर और 22 उप-मंदिर बनाए जा रहे हैं। मुख्य शिखर की ऊंचाई 270 फीट निर्धारित है।

विशालकाय शिवलिंग जैसे ही गोपालगंज पहुंचा, पूरे इलाके में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। लोग मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। जगह-जगह श्रद्धालु शिवलिंग के स्वागत और पूजा के लिए खड़े दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *