संतों-सामाजिक संगठनों और प्रशंसकों के विरोध के बाद KKR से बाहर हुए मुस्तफिजुर रहमान…

नई दिल्ली/कोलकाता। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया है। यह कदम भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देशों के बाद उठाया गया है। मुस्तफिजुर को लेकर टीम और फ्रेंचाइजी के खिलाफ विरोध तेज हो रहा था, जिसका मुख्य कारण बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे हमले बताए जा रहे हैं।

KKR के सह-मालिक शाहरुख खान की टीम में बांग्लादेशी खिलाड़ी के शामिल होने को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार विरोध हो रहा था। कई संतो द्वारा साथ ही कई संगठनों और क्रिकेट प्रशंसकों ने मांग की थी कि मौजूदा हालात को देखते हुए बांग्लादेशी खिलाड़ी को IPL में खेलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक, BCCI ने सभी फ्रेंचाइजी को मौजूदा कूटनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील फैसले लेने के निर्देश दिए थे। इसी के बाद KKR प्रबंधन ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने का निर्णय लिया।

मुस्तफिजुर रहमान बांग्लादेश के अनुभवी तेज गेंदबाज हैं और इससे पहले वे IPL में सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। अपनी स्लोअर गेंदों और डेथ ओवरों की गेंदबाजी के लिए वे जाने जाते हैं।

हाल के महीनों में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हमलों, मंदिरों में तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाओं को लेकर भारत में गहरा रोष देखा गया। इसी पृष्ठभूमि में मुस्तफिजुर के IPL में खेलने को लेकर सवाल खड़े हुए और विरोध तेज होता चला गया।

फिलहाल कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से इस मुद्दे पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन टीम प्रबंधन के करीबी सूत्रों ने मुस्तफिजुर को स्क्वाड से बाहर किए जाने की पुष्टि की है।

बहरहाल मुस्तफिजुर के बाहर होने के बाद KKR को अपने विदेशी खिलाड़ियों के संयोजन में बदलाव करना पड़ेगा। माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी जल्द ही किसी अन्य विदेशी या घरेलू तेज गेंदबाज को टीम में शामिल कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *