पावर हाउस फल मंडी के श्री कृष्णा फ्रूट कंपनी में भीषण आग,फल व सामान जलकर ख़ाक…

भिलाई। शहर के पावर हाउस क्षेत्र स्थित फल मंडी में गुरुवार रात करीब 8 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्री कृष्णा फ्रूट कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

आग लगते ही मची अफरा-तफरी, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान से अचानक धुआं उठता दिखा और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। मंडी में बड़ी मात्रा में रखे फल, लकड़ी के बॉक्स, प्लास्टिक कैरेट और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दो दमकल वाहनों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

जिला सेनानी और आपातकालीन सेवा दुर्ग के प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग काफी तेजी से फैल रही थी और स्थिति गंभीर हो गई थी, लेकिन दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को नियंत्रित कर लिया गया।

आग को फैलने से रोकने के लिए पहले आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति काटी गई। दमकलकर्मी दुकानों के ऊपर चढ़कर आग बुझाने में जुटे रहे। प्राथमिकता यह रही कि आग आसपास की दुकानों और गोदामों तक न फैले।

आगजनी की इस घटना में दुकान के अंदर रखा फल, लकड़ी के बॉक्स, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि श्री कृष्णा फ्रूट कंपनी के संचालक डल्लू पांडे (पिता ओमप्रकाश पांडे) हैं। घटना से भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि नुकसान का आधिकारिक आंकलन अभी नहीं हो पाया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान मालिक शाम को दुकान बंद करते समय दीया और अगरबत्ती जलाकर घर गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि अग्निशमन विभाग ने कहा है कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *