गोवा में प्रकृति संरक्षण पर बड़ा फैसला: वाघेरी पहाड़ी और साओ-जोर्ज द्वीप में विकास कार्यों पर रोक
गोवा। गोवा सरकार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वाघेरी पहाड़ी और साओ-जोर्ज द्वीप को ‘नो डेवलपमेंट जोन’ घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद इन इलाकों में किसी भी तरह के निर्माण और विकास कार्यों पर रोक लग जाएगी।
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों और हरित क्षेत्र की कटाई की शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया। वन विभाग की समिति की रिपोर्ट में पश्चिमी घाट क्षेत्र में हरियाली हटाकर विकास कार्य किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
उत्तर गोवा के सत्तारी तालुका स्थित वाघेरी पहाड़ी करीब 780 मीटर ऊंची है और इसे राज्य के सबसे ऊंचे इलाकों में गिना जाता है। यह क्षेत्र लगभग 65.31 लाख वर्गमीटर में फैला हुआ है। वहीं दक्षिण गोवा के मोरमुगाओ क्षेत्र में स्थित साओ-जोर्ज द्वीप करीब 6.63 लाख वर्गमीटर क्षेत्र में फैला है, जिसे उसकी पर्यावरणीय संवेदनशीलता और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए संरक्षित किया गया है।
सरकार ने कहा है कि इन अधिसूचनाओं पर आम लोग 30 दिनों के भीतर सुझाव और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।