समुद्री व्यापार और भारतीय जहाजों की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार सतर्क, विदेश मंत्रालय ने साफ कहा- अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर बाधा स्वीकार नहीं
होर्मुज। होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही को लेकर बढ़ते तनाव के बीच भारत ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्र सरकार ने साफ कहा है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर किसी तरह की जबरन वसूली, दबाव या जहाजों को रोकने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
हाल के दिनों में होर्मुज स्ट्रेट में कई जहाजों पर हमले और रोक-टोक की घटनाएं सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक कई भारतीय जहाजों को भी सुरक्षा कारणों से रास्ता बदलना पड़ा, जबकि कुछ जहाज लंबे समय तक फंसे रहे।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र समेत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी साफ किया है कि समुद्री व्यापार की स्वतंत्रता और निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विदेश मंत्रालय लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और भारतीय जहाजों व नाविकों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
उधर, भारतीय नौसेना भी क्षेत्र में सतर्क है। जरूरत पड़ने पर भारतीय जहाजों को सुरक्षा देने और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज स्ट्रेट में तनाव बढ़ने से वैश्विक तेल सप्लाई और व्यापार पर असर पड़ सकता है।