जयपुर। गुलाबी नगरी आज एक शाही विवाह का साक्षी बन रही है। वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय का आज जयपुर में विवाह हो रहा है। वे हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली शिप्रा शर्मा के साथ जयपुर के प्रतिष्ठित ताज आमेर होटल में सात फेरे लेंगे। शादी को लेकर पूरे परिसर में सुबह से ही रौनक देखने को मिल रही है।
दिन की शुरुआत होटल की लॉबी में पारंपरिक सेहराबंदी की रस्म के साथ हुई। परिवारजन और अतिथियों ने मंत्रोच्चार के बीच दूल्हे की सेहराबंदी संपन्न कराई। थोड़ी ही देर में बारात शानदार अंदाज़ में रवाना होने वाली है। ढोल-नगाड़ों की थाप और बैंड के सुर माहौल में उत्साह भर रहे हैं। बारात के स्वागत के बाद जयगढ़ लॉन में सात फेरे और अन्य रस्में निभाई जाएँगी।
बताया जा रहा है कि इस विवाह में आध्यात्मिकता और भव्यता दोनों का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। विवाह का सबसे आकर्षक केंद्र बना हुआ है मंदप जिसे तिरुपति बालाजी मंदिर के गुंबद की तर्ज पर विशेष रूप से तैयार किया गया है। विशाल छतरी, पारंपरिक तोरण द्वार, पुष्प सजावट और वैदिक वातावरण इसे बेहद दिव्य बना रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि हरिद्वार, वृंदावन, वाराणसी, नासिक और दक्षिण भारत से 108 पंडितों का विशेष वैदिक मंत्रोच्चार विवाह को और अधिक पवित्र आध्यात्मिक बना रहा है।
नके मंत्रों की गूंज से पूरा स्थान तपोभूमि जैसा प्रतीत हो रहा है। अतिथि मंडल में धार्मिक जगत से जुड़े प्रमुख संत, कथावाचक, सामाजिक कार्यकर्ता और कई शहरों से पहुंचे श्रद्धालु मौजूद हैं। सभी ने नवविवाहित जोड़े के मंगलमय भविष्य की कामना की है। शाम तक जयपुर का वातावरण वैदिक रस्मों, संगीत, फूलों और रोशनी से पूरी तरह देवोत्सव का रूप ले चुका है।