कोर्सेवाड़ा ने किया सम्मानित,छत्तीसगढ़ की चैंपियन संजू देवी ने वर्ल्ड कप में चमक बिखेरी, 35-28 से भारत को दिलाई शानदार जीत…

भिलाई। छत्तीसगढ़ की होनहार अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने महिला कबड्डी वर्ल्ड कप-2025 में ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा देश गर्व से भर उठा। संजू ने न सिर्फ दमदार खेल दिखाया, बल्कि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी अपने नाम किया। यह उपलब्धि उनके शानदार खेल के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभा की चमक को भी विश्व मंच पर साबित करती है।

अहिवारा विधायक डॉमनलाल कोसरेवाड़ा ने संजू की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए अपने भिलाई-3 कार्यालय में उनका विशेष सम्मान किया। उन्होंने कहा कि संजू की इस सफलता ने पूरे छत्तीसगढ़ का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। उनके खेल ने साबित कर दिया कि संकल्प और मेहनत के दम पर कोई भी खिलाड़ी विश्व स्तर तक पहुँच सकता है। वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में संजू देवी का प्रदर्शन निर्णायक रहा। उन्होंने चीन ताइपे के खिलाफ 14 पॉइंट्स जुटाकर मैच को भारत के पक्ष में मोड़ दिया। भारत ने यह रोमांचक मुकाबला 35-28 से जीतकर इतिहास रच दिया। उनके उत्कृष्ट खेल के लिए उन्हें 1500 डॉलर का पुरस्कार भी मिला। दिल छू लेने वाली बात यह रही कि संजू ने यह इनाम अपने पिता को समर्पित करने का फैसला लिया, जिससे उनके पारिवारिक संस्कार और विनम्रता की झलक दिखाई देती है।
इस सम्मान कार्यक्रम में भिलाई-3 चरोदा निगम के महापौर निर्मल कोसरे, कबड्डी संघ के पदाधिकारी तथा खेल प्रेमी भी मौजूद रहे। सभी ने संजू को छत्तीसगढ़ की स्पोर्ट्स स्टार बताते हुए आगे और बड़ी सफलताओं की शुभकामनाएँ दीं। संजू देवी की यह उपलब्धि राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो छत्तीसगढ़ को खेल जगत में नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने का काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *