जवाहर उद्यान चौक के पास हादसा, यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पैर में बांधी पट्टी; 112 से अस्पताल भेजा
भिलाई। दवाई का सेवन करने के बाद वाहन चलाना एक मोटरसाइकिल चालक को भारी पड़ गया। 15 सितंबर 2026 को दोपहर में फॉरेस्ट वेन्यू, जवाहर उद्यान चौक के पास बाइक चलाते समय अचानक उसे झपकी आ गई। संतुलन बिगड़ने से वह मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर गया और पैर में चोट लग गई।
हादसा उस समय हुआ, जब यातायात पुलिस सिविक सेंटर जोन प्रभारी निरीक्षक पी.डी. चन्द्रा अपनी टीम के साथ यातायात व्यवस्था के लिए पेट्रोलिंग कर रहे थे। उनके साथ आरक्षक दिव्य देव राजदूत और विनीत तिवारी भी मौजूद थे।
सड़क पर घायल पड़ा था चालक, पुलिस ने तुरंत संभाला
मोटरसाइकिल चालक के सड़क पर गिरने की जानकारी मिलते ही यातायात पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जवानों ने घायल चालक को संभाला और उसके पैर में पट्टी बांधकर प्राथमिक सहायता दी।
पुलिस ने स्थिति को देखते हुए बिना देरी किए 112 वाहन को मौके पर बुलाया। इसके बाद घायल मोटरसाइकिल चालक को उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया।
दवा के बाद वाहन चलाने से बचने की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि दवाई लेने के बाद यदि नींद, चक्कर, कमजोरी या किसी तरह की असहजता महसूस हो तो वाहन न चलाएं। ऐसी स्थिति में थोड़ी सी भी लापरवाही सड़क हादसे का कारण बन सकती है।
पुलिस ने कहा कि सुरक्षित सफर के लिए वाहन चलाते समय चालक का पूरी तरह सतर्क और स्वस्थ होना जरूरी है। दवाई लेने के बाद शरीर पर उसके प्रभाव को नजरअंदाज कर वाहन चलाना खुद के साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है।