क्रूज शिप पर हंटावायरस का खतरा: अमेरिकी यात्री संक्रमित; ऑस्ट्रेलिया ने शुरू कराया रेस्क्यू ऑपरेशन…

दक्षिण अटलांटिक। एमवी होंडियस क्रूज शिप पर हंटावायरस के कई मामले सामने आने के बाद अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में हड़कंप मच गया है। एक अमेरिकी यात्री में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्रियों को विशेष मेडिकल निगरानी में उनके देशों वापस भेजा जा रहा है।

दक्षिण अटलांटिक में यात्रा कर रहे लग्जरी क्रूज शिप ‘एमवी होंडियस’ पर हंटावायरस संक्रमण के मामले मिलने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक अब तक जहाज से जुड़े सात मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि तीन लोगों की मौत भी हो चुकी है।

अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि जहाज पर मौजूद 17 अमेरिकी नागरिकों को विशेष मेडिकल फ्लाइट के जरिए अमेरिका लाया जा रहा है। इनमें एक यात्री हंटा वायरस पॉजिटिव पाया गया है, हालांकि उसमें फिलहाल गंभीर लक्षण नहीं हैं। यात्रियों को नेब्रास्का स्थित नेशनल क्वारंटीन यूनिट में निगरानी में रखा जाएगा।

वहीं ऑस्ट्रेलिया ने भी अपने नागरिकों और कुछ अन्य देशों के यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए विशेष विमान भेजने की घोषणा की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जहाज पर सवार यात्रियों को 42 दिनों तक स्वास्थ्य निगरानी में रखा जा सकता है।

हंटा वायरस आमतौर पर चूहों और उनके मल-मूत्र के संपर्क से फैलता है। विशेषज्ञों का कहना है कि आम लोगों के लिए खतरा फिलहाल कम है, लेकिन बंद वातावरण में संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *