छुपी शादी, उजड़ा घर: नोएडा में कॉन्स्टेबल की प्रेमिका की मौत के बाद हंगामा…

नोएडा। नोएडा में दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल की प्रेमिका की मौत का मामला सामने आया है। 5 फरवरी की रात दिल्ली पुलिस में तैनात कॉन्स्टेबल आशीष की गर्लफ्रेंड प्रिया सिंह ने खुद को गोली मार ली थी। गंभीर हालत में आशीष उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान प्रिया की मौत हो गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

मामले में मृतका के भाई मनीष कुमार ने नोएडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। मनीष कुमार मेरठ के कंकरखेड़ा का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी छोटी बहन प्रिया सिंह और आशीष के बीच दोस्ती थी और दोनों आपस में शादी करना चाहते थे। परिवार ने भी इस रिश्ते के लिए सहमति दे दी थी और प्रिया भी शादी के लिए राजी थी।

मनीष के अनुसार बाद में प्रिया को यह जानकारी मिली कि आशीष पहले से शादीशुदा है। जब इस बात को लेकर प्रिया ने आशीष से सवाल किया, तो दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद आशीष ने प्रिया पर मानसिक दबाव बनाया, जिससे वह बेहद परेशान हो गई।

गुरुवार की रात प्रिया ने आशीष की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घायल अवस्था में आशीष उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मनीष कुमार ने यह भी दावा किया है कि अब एक फोटो सामने आई है, जिसे हरिद्वार का बताया जा रहा है। इस फोटो में आशीष और प्रिया दोनों शादी के कपड़ों में नजर आ रहे हैं और प्रिया की मांग में सिंदूर भी दिखाई दे रहा है। परिजनों का आरोप है कि आशीष ने चोरी-छिपे प्रिया से शादी की थी और यह बात उससे छिपाई गई थी कि वह पहले से विवाहित है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें आशीष की वैवाहिक स्थिति, लाइसेंसी हथियार और परिजनों के आरोप शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *