भिलाई। शनिवार को स्कूल छूटने के बाद स्क्रिबल डे मनाने निकले स्कूली छात्रों ने भिलाई की सड़कों और जयंती स्टेडियम में जमकर हुड़दंग मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए, हर बाइक में तीन-तीन सवार होकर तेज आवाज में नारेबाजी करते हुए जयंती स्टेडियम पहुंचे।
स्टेडियम पहुंचने के बाद छात्रों ने स्क्रिबल डे के नाम पर मस्ती शुरू कर दी। जयंती स्टेडियम और भिलाई निवास जाने वाली सड़क पर बड़ी संख्या में छात्र जमा हो गए, जिससे आने-जाने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस को देखते ही छात्र घबरा गए और चारों दिशाओं में भागने लगे। कई छात्र जल्दबाजी में अपनी बाइक लेकर भागते नजर आए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कुछ छात्रों की गाड़ियों की चाबियां जब्त कर लीं।
जानकारी के मुताबिक जयंती स्टेडियम में स्क्रिबल डे मनाने के लिए सेक्टर-10 और रामनगर भिलाई स्थित दो स्कूलों के छात्र पहुंचे थे। छात्र करीब दोपहर 12 बजे बाइक पर नाचते-गाते और शोर मचाते हुए स्टेडियम पहुंचे। कुछ छात्रों ने बुलेट से पटाखों जैसी आवाजें निकालकर माहौल और बिगाड़ दिया, वहीं एक छात्र द्वारा स्टंटबाजी किए जाने की भी बात सामने आई है।
पुलिस ने मौके पर मौजूद छात्रों को समझाइश दी और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।