आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं से कराई रंगाई-पुताई! छज्जे पर चढ़कर सफाई, वार्डन बोलीं- प्यून ने करवाया काम
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्राएं छात्रावास की दीवारों पर रंगाई-पुताई करती और छज्जे पर चढ़कर गंदगी साफ करती नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि छात्रावास में पढ़ने वाली 6वीं से 10वीं तक की छात्राओं से ही भवन की रंगाई और सफाई का काम कराया गया। वीडियो में कुछ छात्राएं रंग घोलती दिख रही हैं तो कुछ ऊंचाई पर चढ़कर सफाई करती नजर आ रही हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले के सामने आने के बाद जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छात्रावास की वार्डन ने सफाई देते हुए कहा कि यह काम प्यून द्वारा करवाया गया था। हालांकि यह भी चर्चा में है कि छात्रावास के रख-रखाव के लिए विभागीय फंड उपलब्ध रहता है, फिर भी छात्राओं से काम क्यों कराया गया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आदिवासी विकास विभाग ने मामले में संज्ञान लिया है और जांच की बात कही जा रही है। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो सकती है।
फिलहाल यह मुद्दा शिक्षा व्यवस्था और छात्रावासों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।