भिलाई। भिलाई नगर निगम की महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
15वें वित्त आयोग के तहत 5 नग बैकहो लोडर क्रय के लिए मेसर्स जी.के. ऑटोव्हील प्रा.लि. रायपुर द्वारा प्रस्तुत 25 लाख रुपये प्रति नग की दर को स्वीकार करते हुए कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई।
जोन-3 अंतर्गत जी.ई. रोड के समानांतर चंद्रा मौर्या टाकिज से नगर निगम जोन-3 कार्यालय होते हुए बजाज शोरूम तक सर्विस रोड निर्माण कार्य को भी हरी झंडी दी गई, जिससे यातायात सुगम होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (सबके लिए आवास मिशन) के एएचपी घटक अंतर्गत 90 प्रतिशत राशि जमा करने वाले हितग्राहियों को 10 प्रतिशत अंशदान गरीबों की सेवा निधि से देने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। हालांकि परिषद के निर्णय अनुसार उक्त राशि का उपयोग गरीब एवं गंदी बस्ती क्षेत्रों में जलापूर्ति एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा।
बैठक में महापौर परिषद के सदस्यगण एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।