ओडिशा के नवरंगपुर का रहने वाला पास्टर, डेढ़ साल से गांव में रह रहा था; मीटिंग के बाद भड़का विवाद, वीडियो वायरल
बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ओडिशा से आए एक पास्टर के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की। आरोप है कि वह गांव में लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रभावित कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, पास्टर ओडिशा के नवरंगपुर इलाके का रहने वाला है और पिछले करीब डेढ़ साल से अपने परिवार के साथ रेटावंड गांव में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि घटना से दो दिन पहले रविवार को गांव में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें पूरे गांव के लोग शामिल हुए थे। इस बैठक में धर्मांतरित परिवारों के लोग भी मौजूद थे। ग्रामीणों ने मीटिंग में पास्टर से गांव छोड़ने को कहा।
इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और स्थिति हिंसक हो गई। भीड़ ने पास्टर को चप्पलों से पीटा, उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे गांव छोड़ने कहा।
बस्तर और कांकेर क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आ चुके हैं। कई गांवों में पादरी और मिशनरियों के प्रवेश पर रोक लगाने के बोर्ड तक लगाए गए हैं।
धर्मांतरण के आरोपों के बीच बस्तर में बढ़ती ऐसी घटनाएं सामाजिक तनाव और कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।