भारत ने पहली बार 12 परमाणु हथियार किए तैनात? SIPRI रिपोर्ट में बड़ा दावा…

SIPRI की रिपोर्ट में दावा- भारत ने बदली परमाणु नीति की रणनीति; कुल परमाणु हथियारों की संख्या बढ़कर 190 हुई।

नई दिल्ली: वैश्विक रक्षा और हथियार निगरानी संस्था Stockholm International Peace Research Institute (SIPRI) की ताजा रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने पहली बार 12 परमाणु हथियारों को परिचालन तैनाती (Operational Deployment) की स्थिति में रखा है। रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2026 तक भारत के कुल परमाणु हथियारों की संख्या बढ़कर 190 हो गई है, जो पिछले वर्ष 180 आंकी गई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक भारत लंबे समय से परमाणु वारहेड और उन्हें ले जाने वाले प्लेटफॉर्म (मिसाइल या अन्य माध्यम) को अलग-अलग रखता रहा है। लेकिन अब सीमित संख्या में परमाणु हथियार परिचालन बलों के साथ तैनात किए जाने के संकेत मिले हैं। SIPRI का आकलन है कि यह बदलाव मुख्य रूप से परमाणु-संचालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियों (SSBN) और समुद्र आधारित प्रतिरोधक क्षमता के विस्तार से जुड़ा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की परमाणु क्षमता के आधुनिकीकरण का फोकस लगातार बढ़ रहा है। लंबी दूरी की मिसाइलों, समुद्र आधारित परमाणु प्रतिरोधक क्षमता और नई डिलीवरी प्रणालियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हालांकि भारत सरकार की ओर से इस रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। भारत की घोषित परमाणु नीति अब भी “नो फर्स्ट यूज” (पहले उपयोग नहीं) और “विश्वसनीय न्यूनतम प्रतिरोधक क्षमता” (Credible Minimum Deterrence) के सिद्धांतों पर आधारित है।

SIPRI के अनुसार भारत के पास अनुमानित 190 परमाणु हथियार हैं, जबकि पाकिस्तान के पास लगभग 170 और चीन के पास करीब 620 परमाणु हथियार हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दुनिया एक नए परमाणु प्रतिस्पर्धा के दौर में प्रवेश कर रही है, जहां प्रमुख शक्तियां अपने परमाणु शस्त्रागार को लगातार आधुनिक बना रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *