कुवैत पर हमलों की PM मोदी ने की निंदा, पश्चिम एशिया के हालात पर अमीर से की चर्चा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कुवैत के अमीर Sheikh Meshal Al-Ahmad Al-Jaber Al Sabah से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते सुरक्षा हालात और क्षेत्रीय तनाव पर चर्चा की।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की और कुवैत की संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि मौजूदा संकट का समाधान केवल संवाद, कूटनीति और तनाव कम करने के प्रयासों से ही संभव है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, दोनों नेताओं ने क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने जल्द से जल्द शांति और स्थिरता बहाल करने की आवश्यकता पर बल दिया तथा सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की।
मोदी ने कुवैत में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण के लिए अमीर का आभार भी व्यक्त किया। हाल के दिनों में क्षेत्रीय संघर्ष के बीच भारत लगातार अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सक्रिय कूटनीतिक प्रयास कर रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति, व्यापार मार्गों और क्षेत्र में काम कर रहे लाखों भारतीयों पर पड़ सकता है। ऐसे में भारत लगातार शांति, स्थिरता और कूटनीतिक समाधान की वकालत कर रहा है।