स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से हुआ लॉन्च, पीएम मोदी ने बताया भारत की अंतरिक्ष यात्रा में बड़ा मील का पत्थर
नई दिल्ली। भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र को बड़ी सफलता मिली है। बेंगलुरु की स्पेस स्टार्टअप गैलेक्सीआई के ‘मिशन दृष्टि’ सैटेलाइट लॉन्च की दुनियाभर में सराहना हो रही है। इस उपलब्धि पर स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने भी बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन दृष्टि को भारत की अंतरिक्ष यात्रा में अहम उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह दुनियां का पहला ऑप्टोसार सैटेलाइट है और भारत में निजी क्षेत्र द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा सैटेलाइट भी है। पीएम मोदी ने इसे युवाओं की नवाचार क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया।
एलन मस्क ने पीएम मोदी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए “Congratulations” लिखकर भारत और गैलेक्सीआई की टीम को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर मिशन दृष्टि की खूब चर्चा होने लगी।
मिशन दृष्टि सैटेलाइट को स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट के जरिए कैलिफोर्निया से लॉन्च किया गया। यह सैटेलाइट ऑप्टिकल और सिंथेटिक अपर्चर रडार तकनीक को एक साथ जोड़ता है, जिससे हर मौसम और हर परिस्थिति में पृथ्वी की हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें ली जा सकेंगी।
विशेषज्ञों के मुताबिक इस तकनीक का उपयोग रक्षा, कृषि, आपदा प्रबंधन, समुद्री निगरानी और इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। गैलेक्सीआई आने वाले वर्षों में ऐसे 10 सैटेलाइट का नेटवर्क तैयार करने की योजना पर काम कर रही है।