भिलाई में जनता दरबार: पानी-सफाई की समस्याओं पर विधायक देवेंद्र यादव सख्त…

भेंट-मुलाकात में उठे पेयजल, सफाई और रोजगार के मुद्दे, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने सेक्टर-5 स्थित अपने कार्यालय में जनता से भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान पानी और सफाई से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने निगम और बीएसपी के अधिकारियों से चर्चा कर तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

सेक्टर-6 एचएससीएल कॉलोनी के रहवासियों ने विधायक को बताया कि उनके प्रयासों से बीएसपी प्रबंधन द्वारा बिजली कनेक्शन तो मिल गया है, लेकिन अब आवासों तक पेयजल पहुंचाने में दिक्कत आ रही है। इस पर विधायक ने पाइपलाइन विस्तार कर जल्द से जल्द पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

इसके अलावा कांकेर, धमतरी और राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए। विधायक ने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का आश्वासन दिया।

भेंट-मुलाकात के दौरान सतनामी समाज, साहू समाज और बौद्ध समाज के पदाधिकारियों ने भी सौजन्य मुलाकात कर विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा की।

विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। हर मुद्दे पर गंभीरता से काम करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जनता से संवाद और भेंट-मुलाकात का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *