भिलाई में पानी से पीलिया विस्फोट: बच्चे सबसे ज़्यादा शिकार: 2 की हालत नाजुक, 145 घर प्रभावित…

भिलाई में फैला पीलिया, 15 नए मरीज मिले: 2 बच्चों की हालत गंभीर, 110 घरों का सर्वे; पुराने पाइपलाइन बदलने का काम शुरू

भिलाई। भिलाई के सेक्टर-7 इलाके में पीलिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे के दौरान 15 नए मरीजों की पहचान की है, जिनमें 2 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-7 के सड़क 37-38 के आसपास करीब 145 घर प्रभावित हैं। खासतौर पर बच्चों में पीलिया के लक्षण तेजी से सामने आ रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 110 घरों का डोर-टू-डोर सर्वे किया। इस दौरान लोगों की जांच की गई और पानी के सैंपल लेकर लैब भेजे गए हैं, ताकि संक्रमण के कारणों का पता लगाया जा सके।

प्रारंभिक जांच में दूषित पानी को संक्रमण का मुख्य कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि गटर में डूबी पुरानी पाइपलाइन से सप्लाई हो रहे पानी में गंदगी मिल रही थी। इसे देखते हुए बीएसपी प्रबंधन और नगर निगम ने पुरानी पाइपलाइन बदलने का काम शुरू कर दिया है।

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में टैंकर से साफ पेयजल की व्यवस्था की है। लोगों से उबला पानी पीने, साफ-सफाई रखने और लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल में जांच कराने की अपील की गई है। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लगातार निगरानी रखी जा रही है।

क्या हैं पीलिया के लक्षण

पीलिया के लक्षण आमतौर पर 15 से 50 दिनों के बीच दिखाई देते हैं। मरीज को भूख कम लगना, कमजोरी, उल्टी, बुखार, आंखों और त्वचा का पीला पड़ना जैसे लक्षण नजर आते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल में जांच कराना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *