अंतिम चरण में पहुंचा निर्माण कार्य, अधिकारियों को जल्द पूरा करने के निर्देश
खम्हारडीह-कचना। डिप्टी सीएम अरुण साव ने गुरुवार को रायपुर के खम्हारडीह-कचना रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवर-ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को शेष कार्यों को तेजी से पूरा कर ओवर-ब्रिज को जल्द यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान साव ने ओवर-ब्रिज पर पैदल चलकर निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जानकारी ली। उन्होंने ब्रिज पर बेहतर गुणवत्ता वाली लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अच्छे पोल और लाइट्स लगाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और सेतु संभाग के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी मौजूद रहे।
96 प्रतिशत कार्य पूरा, जल्द खुलेगा ओवर-ब्रिज
डिप्टी सीएम साव ने बताया कि कचना ओवर-ब्रिज का लगभग 96 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बचे हुए कार्यों को जल्द समाप्त कर इसे आम जनता के लिए शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस ओवर-ब्रिज के शुरू होने से रायपुर शहर और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को रेलवे फाटक बंद होने और ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, व्यवस्थित और तेज बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और कचना ओवर-ब्रिज इस दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा।
49 करोड़ की लागत से बन रहा ओवर-ब्रिज
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार रायपुर-वाल्टेयर रेलवे लाइन पर खम्हारडीह और कचना के बीच लगभग 49 करोड़ रुपए की लागत से इस रेलवे ओवर-ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। पुल के रेलवे हिस्से सहित दोनों ओर पहुंच मार्ग और संरचना का कार्य पूरा हो चुका है।
फिलहाल पेंटिंग और फिनिशिंग का काम जारी है। इसके बाद नाली निर्माण और लाइटिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। ओवर-ब्रिज शुरू होने के बाद इस मार्ग पर यातायात अधिक व्यवस्थित और तेज हो जाएगा।