ज़मीन विवाद में खूनी खेल: बेटे ने माता-पिता समेत 4 की कुल्हाड़ी से हत्या…

जांजगीर-चांपा में सनसनीखेज वारदात, डॉग स्क्वॉड आरोपी के घर पहुंचा; खून सनी कुल्हाड़ी बरामद, मुख्य आरोपी पहले भी भाई की हत्या में जा चुका है जेल

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात में बुजुर्ग दंपति समेत उनके दो नाती-नातिन की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू को हिरासत में लिया है।मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप (70 वर्ष), उनकी पत्नी कांति बाई (65 वर्ष), नाती माटी पीतांबर (17 वर्ष) और नातिन मोगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी सोनसाय कश्यप मृतक दंपति का बेटा है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा। डॉग ने मृतकों के शव को सूंघने के बाद सीधे सोनसाय कश्यप के घर तक पहुंचकर संकेत दिया। जब पुलिस वहां पहुंची तो घर में ताला लगा हुआ था। संदेह के आधार पर पुलिस ने ताला तोड़कर तलाशी ली, जहां आरोपी सोनसाय और उसका बेटा गोलू छिपे मिले। दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद की है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया बताया जा रहा है।एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश और जमीन विवाद सामने आया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी सोनसाय कश्यप पहले भी अपने भाई की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। ऐसे में इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *