भिलाई। जमीन खरीद-फरोख्त की नई कलेक्टर गाइडलाइन में भारी बढ़ोतरी के खिलाफ भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने बुधवार को महात्मा गांधी चौक, दुर्ग में उपवास रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विधायक ने पूरे दिन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि नई गाइडलाइन आम जनता पर सीधा आर्थिक प्रहार है।
विधायक यादव ने पुलिस प्रशासन द्वारा विरोध करने वाले नागरिकों और व्यापारियों पर की गई लाठीचार्ज की कठोर शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा दो साल में इस सरकार ने जनता की जेब खाली कराने के अलावा कोई काम नहीं किया। पहले 50% बिजली बिल छूट खत्म की, अब जमीन दरों में 10% से 800% तक बढ़ोतरी कर दी।
देवेंद्र यादव ने चेताया कि नई गाइडलाइन से न केवल जमीन का कारोबार चौपट होगा, बल्कि मध्यमवर्गीय परिवारों और किसानों का छोटा सा प्लॉट खरीदने का सपना भी टूट जाएगा। उन्होंने कहा कि महंगाई के बीच लोग जैसे-तैसे 500 से 1200 वर्गफुट का भूखंड खरीद पाते हैं, लेकिन नई दरों से यह भी असंभव हो जाएगा।
विधायक ने याद दिलाया कि 2018-19 में कांग्रेस सरकार ने जनता को राहत देते हुए स्टांप व पंजीयन शुल्क में 30% की कटौती की थी और 5 डिसमिल से कम क्षेत्रफल की भूमि रजिस्ट्री की सुविधा शुरू की थी, जिससे गरीब और किसान अपनी जरूरतों के लिए जमीन बेच-खरीद कर पाते थे। लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने 30% छूट बंद कर दी, स्टांप और रजिस्ट्रेशन शुल्क फिर 100% कर दिया और कलेक्टर गाइडलाइन में 100% से 800% तक वृद्धि कर दी। देवेंद्र यादव ने बताया कि भिलाई में प्रमुख सड़कों के किनारे की जमीन जो पहले ₹1500/वर्गफुट थी, वह अब बढ़कर ₹3253 से ₹18,500/वर्गफुट तक पहुंच गई है। इससे जनता में भारी रोष है। विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, नीता लोधी, सभापति गिरवर बंटी साहू, सीजू एंथोनी, लक्ष्मीपति राजू, संदीप निरंकारी, साकेत चंद्राकर, एकांश बंछोर, लालचंद वर्मा, आदित्य सिंह, सुमीत पवार, अभिषेक मिश्रा आदि शामिल थे।
इसके अलावा ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद प्रभाकर समेत कई युवा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।