बालोद। बालोद जिले में शुक्रवार देर रात शराब पिलाने की ज़िद को लेकर हुई कहासुनी एक युवक की मौत का कारण बन गई। मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक ने अपने ही दोस्त की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी शव को दुकान के फर्श पर छोड़कर वहीं सो गया, जैसे कुछ हुआ ही न हो।
जानकारी के मुताबिक मृतक और आरोपी दोनों दुकान में बैठे हुए थे। बातचीत के दौरान मृतक ने दोस्त को शराब पिलाने की ज़िद की। इसी बात पर बहस शुरू हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। गुस्से में आरोपी ने अपनी कमर में बंधी बेल्ट उतारी और दोस्त का गला घोंट दिया।
हत्या के बाद आरोपी घबराया नहीं, बल्कि शव को फर्श पर लिटाकर खुद भी दुकान के सामने ही सो गया। सुबह स्थानीय लोगों ने युवक का शव देखा तो पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और मृतक के बीच पुरानी दोस्ती थी और घटना के दौरान दोनों नशे में थे। प्राथमिक जांच में मामला हत्या का पाया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।