ICC वारंट के बाद फरार हुआ फिलीपींस का सीनेटर, मानवता के खिलाफ अपराध का आरोप
मनीला। फिलीपींस के सीनेटर रोनाल्ड ‘बाटो’ डेला रोसा अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) के गिरफ्तारी वारंट के बाद फरार हो गए हैं। उन पर पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के विवादित ‘ड्रग वॉर’ अभियान के दौरान मानवता के खिलाफ अपराध में शामिल होने का आरोप है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ICC ने डेला रोसा के खिलाफ वारंट जारी किया है, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की गई। हालांकि, वह संसद भवन से निकलकर फरार हो गए। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों और सीनेट परिसर में तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही।
डेला रोसा फिलीपींस के पूर्व पुलिस प्रमुख रह चुके हैं और दुतेर्ते सरकार के एंटी-ड्रग अभियान के प्रमुख चेहरों में शामिल थे। ICC का आरोप है कि इस अभियान में हजारों लोगों की गैरकानूनी हत्याएं हुईं। फिलीपींस सरकार ने कहा है कि वह ICC के निर्देशों का पालन करेगी और सीनेटर की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।