भिलाई। जिला दुर्ग प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में 24 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित चौदहवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का आज भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच देशभर से आए खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत की।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 30 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें लगभग 450 प्रतिभागी शामिल हैं। विशेष बात यह है कि 10 राज्यों के 30 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी प्रतियोगी के रूप में मैदान में हैं, जिन्होंने ओलंपिक, वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स और साउथ एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
अर्जुन पुरस्कार विजेता डीएसपी जनता तालुकार (असम) एवं डीएसपी रजत चौहान (राजस्थान) भी प्रतियोगिता में सहभागिता कर रहे हैं।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस बल केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल और अनुशासन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं पुलिस बलों के बीच समन्वय, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करती हैं।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि खेल गतिविधियां पुलिस बलों में शारीरिक दक्षता, मानसिक संतुलन और अनुशासन को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निष्पक्ष खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में दुर्ग की महापौर अलका बाघमार, एडीजी एस.आर.पी. कल्लूरी, एडीजी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल विवेकानंद सिन्हा, कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एडीजी विवेकानंद सिन्हा द्वारा प्रतिवेदन वाचन कर आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
आयोजन स्थल
प्रथम वाहिनी परिसर, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई (जिला दुर्ग)
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में सहयोग प्रदान करें तथा यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
चार दिनों तक चलेगी तीरों की टंकार, भिलाई बना राष्ट्रीय खेल भावना का केंद्र।