मंगल कार्बन प्लांट हादसा: एक परिवार उजड़ा, मासूम की मौत, अब FIR वापस लेने का दबाव
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में 5 फरवरी को हुए भीषण औद्योगिक हादसे ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि 9 महीने की मासूम बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में एक ही परिवार के चार लोग झुलसे
इस घटना में
साहेब लाल खड़िया – 80-90%
शिव खड़िया – 80-90%
उदासिनी खड़िया – 30-40%
भूमि खड़िया (9 माह) – 80-90%
झुलस गई थीं- बच्ची का इलाज रायपुर के कालड़ा बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में चल रहा था, जहां सोमवार शाम उसकी मौत हो गई। बताया गया कि मां बच्ची को काम के दौरान अपने साथ प्लांट में ले जाती थी।
अन्य मजदूरों की हालत भी नाजुक
हादसे में अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से झुलसे हैं-
कौशल पटेल – 70-80%
इंदीवर – 80-90%
प्रिया सारथी – 70-80%
सभी घायलों का इलाज रायपुर में जारी है। कई मजदूरों को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
दरअसल, मंगल कार्बन प्लांट में पुराने टायर पिघलाकर काला तेल निकाला जाता है।
बताया जा रहा है कि फर्नेस को ठंडा किए बिना ही खोल दिया गया, जिससे तेज दबाव के साथ आग बाहर निकली और पास में काम कर रहे 8 मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
परिजनों का आरोप है कि मजदूरों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए,
सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई
इसी लापरवाही के कारण यह भयानक हादसा हुआ
हादसे के बाद परिजनों की शिकायत पर खरसिया थाना में प्लांट प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज की गई।
अब परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि प्लांट प्रबंधन की ओर से लगातार FIR वापस लेने और बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा है।
पीड़ित परिवारों ने मांग की है कि-
मृत बच्ची के परिजनों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए
सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च प्लांट प्रबंधन से वसूला जाए
FIR वापस लेने के दबाव की निष्पक्ष जांच हो
दोषी प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।