प्रेमी की मौत की खबर से टूटी नाबालिग, दूसरे दिन युवती ने भी जान दी
बिलासपुर। दिल्ली में प्रेमी की मौत की खबर मिलने के बाद बिलासपुर में रहने वाली एक नाबालिग युवती ने भी अपनी जान दे दी। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को युवती के बॉयफ्रेंड की दिल्ली में मौत हो गई थी। यह सूचना उसके दोस्त के जरिए नाबालिग गर्लफ्रेंड तक पहुँची। खबर सुनते ही वह गहरे सदमे में चली गई। परिजनों के मुताबिक इसके बाद से उसका व्यवहार बदला हुआ था, वह गुमसुम रहने लगी थी और भावनात्मक रूप से बेहद परेशान नजर आ रही थी।
परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की और पढ़ाई व परिवार पर ध्यान देने की सलाह दी। रविवार रात तक उस पर नजर भी रखी गई। सोमवार सुबह उसने परिजनों के साथ नाश्ता किया, लेकिन उसका व्यवहार सामान्य नहीं था। कुछ देर बाद घर में यह दुखद घटना हो गई।
पुलिस के मुताबिक, बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड दोनों कोरिया जिले के निवासी थे। दोनों की पहचान करीब एक साल पहले हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। कुछ महीने पहले युवक नाबालिग को लेकर दिल्ली चला गया था, जिस पर परिजनों ने आपत्ति जताई थी। मामले की सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया था। लगभग 15 दिन बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।
इसके बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे थे। इसी बीच युवक ने आत्महत्या कर ली यह सुनकर उसके अगले दिन नाबालिग ने भी यह कदम उठा लिया। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।