तुर्किये से पकड़ा गया अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर, एनसीबी जांच में सामने आया सिंडिकेट; देशभर में फैले नेटवर्क और केमिकल सप्लायरों से जुड़े तार
भारत/अंतरराष्ट्रीय। अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के बड़े चेहरे और ‘मेफेड्रोन किंग’ के नाम से कुख्यात सलीम डोला की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को कई अहम सुराग मिले हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की पूछताछ में उसके नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो देश और विदेश तक फैला हुआ था।
बताया जा रहा है कि डोला का संबंध अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ है। वह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग सप्लाई का संचालन कर रहा था और भारत में मेफेड्रोन की बड़ी खेप भेजने में शामिल था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, डोला तुर्किये के इस्तांबुल में छिपकर फर्जी पहचान के साथ रह रहा था, जहां से वह पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। उसे पकड़ने के लिए भारतीय एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभियान चलाया, जिसके बाद उसे भारत लाया गया।
एनसीबी की जांच में यह भी सामने आया है कि उसका नेटवर्क केमिकल और फार्मा डीलरों से जुड़ा हुआ था, जिनकी मदद से ड्रग्स तैयार कर देशभर में सप्लाई की जाती थी। कई राज्यों में फैले इस सिंडिकेट के तार पहले भी विभिन्न ड्रग्स मामलों में सामने आ चुके हैं।
एजेंसियों का मानना है कि डोला की गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और उससे पूछताछ में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।